शिवराज सिंह चौहान ने कल्याणपुर में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में की चुनावी सभा, महागठबंधन पर किया हमला
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के मतदान से पहले केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कल्याणपुर में भाजपा प्रत्याशी सचिंद्र प्रसाद सिंह के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया और महागठबंधन पर हमला किया।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण की वोटिंग से पहले राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। आज दूसरे चरण के प्रचार का अंतिम दिन है। इसी कड़ी में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी सचिंद्र प्रसाद सिंह के समर्थन में पूर्वी चंपारण जिले के कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र के कोटवा में एक चुनावी सभा को संबोधित किया।
सभा में बड़ी संख्या में जनता उपस्थित रही। इस मौके पर शिवराज सिंह चौहान ने महागठबंधन पर तीखा प्रहार किया और राजद नेता तेजस्वी यादव के वादों को “झूठा और भ्रामक” बताया।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “महागठबंधन का मतलब अब ‘महा गठबंधन सूफड़ा साफ’। जनता के दिलों में अब मोदी जी बस चुके हैं। मोदी जी भारत के लिए भंडार का वरदान हैं। मोदी जी और नीतीश जी की जोड़ी ‘एक और एक ग्यारह’ के समान है।”
उन्होंने आगे कहा, “अब बिहार की बहनों की जिंदगी बदल रही है। पहले जो ‘लाखपति दीदी’ थी, वह अब ‘करोड़पति दीदी’ बनेंगी। यह बदलाव मोदी और नीतीश सरकार की योजनाओं का परिणाम है।”