मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर में महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का निरीक्षण किया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर में निर्माणाधीन महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की और जुलाई 2026 से पठन-पाठन प्रारंभ करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर में महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का निरीक्षण किया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज कुशीनगर में निर्माणाधीन महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का निरीक्षण किया और अधिकारियों तथा कार्यदायी संस्था के जिम्मेदारों से बात कर इसकी प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया और अफसरों को निर्देश दिए कि जुलाई 2026 के सत्र से इस विश्वविद्यालय में पठन-पाठन कार्य प्रारंभ करने के लिए अभी से युद्धस्तरीय प्रयास किए जाएं।

बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के बाद रविवार को कुशीनगर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहले बौद्ध धर्मगुरु भदंत ज्ञानेश्वर को श्रद्धांजलि दी और फिर महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर में भ्रमण कर निर्माण कार्य की अद्यतन स्थिति जानी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देशित किया।

सीएम योगी ने कहा कि महात्मा बुद्ध के नाम पर बन रहा यह विश्वविद्यालय पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा। उन्होंने अफसरों से कहा कि प्रयास यह होना चाहिए कि भवन का निर्माण अक्टूबर 2026 से पहले पूरा कर लिया जाए, ताकि जुलाई 2026 में प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जा सके और अगस्त-सितंबर में विश्वविद्यालय में नियमित पठन-पाठन प्रारंभ हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुशीनगर और आसपास का क्षेत्र कृषि दृष्टि से अत्यंत समृद्ध है। यहां की भूमि उपजाऊ और जल संसाधन पर्याप्त हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में क्षेत्र को बेहतर कनेक्टिविटी भी मिल गई है। ऐसे में यह कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय किसानों की समृद्धि और नौजवानों के लिए रोजगार के अवसरों के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सांसद विजय कुमार दूबे और अन्य विधायक भी उपस्थित रहे।

इससे पहले मुख्यमंत्री कुशीनगर स्थित म्यांमार बौद्ध विहार पहुंचे और बौद्ध धर्मगुरु भदंत ज्ञानेश्वर को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने पार्थिव शरीर पर पुष्प चढ़ाए और उनकी शांति के लिए प्रार्थना की। भदंत ज्ञानेश्वर कुशीनगर बौद्ध भिक्षु संघ के अध्यक्ष और म्यामांर बौद्ध विहार के प्रमुख थे, जिनका लंबी बीमारी के बाद 31 अक्टूबर को निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार 11 नवंबर को किया जाएगा।