मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना: बिहार की महिलाओं को मिलेगा आत्मनिर्भर बनने का मौका

बिहार सरकार की मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत महिलाओं को 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता और 2 लाख रुपये तक रोजगार सहयोग मिलेगा। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना: बिहार की महिलाओं को मिलेगा आत्मनिर्भर बनने का मौका

बिहार की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना महिलाओं के जीवन में आर्थिक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आधी आबादी को आगे बढ़ाने के लिए कई योजनाएं चलाई हैं। इसी कड़ी में यह ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है कि प्रत्येक परिवार की एक महिला को 10,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही, रोजगार करने की इच्छुक महिलाओं को 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

इस योजना का लक्ष्य लगभग 2 लाख 70 हजार परिवारों की महिलाओं को सीधे रोजगार से जोड़ना है, जिससे उनके आर्थिक स्वावलंबन को बढ़ावा मिले। साथ ही ग्रामीण स्तर पर हस्तशिल्प और बाजार विकास की भी व्यवस्था की जाएगी ताकि महिलाओं के उत्पादों को सही मूल्य और बाजार मिल सके।

मंत्री ने विश्वास जताया कि यह योजना बिहार की महिलाओं को नई दिशा देगी और उन्हें आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सशक्त भागीदारी निभाने का अवसर प्रदान करेगी।