गिरौदपुरी में बांस करील और पिका के अवैध परिवहन पर कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार

बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में बांस करील और पिका के अवैध परिवहन पर वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। गिरौदपुरी निवासी आरोपी को मोटरसाइकिल सहित रंगे हाथ पकड़ा गया।

गिरौदपुरी में बांस करील और पिका के अवैध परिवहन पर कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार

प्रदेश में वन संपदा की सुरक्षा को लेकर वन विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में बांस करील और पिका के अवैध परिवहन के मामले में एक बड़ी कार्यवाही की गई है। गिरौदपुरी निवासी प्रवीण कुमार पटेल को इस अवैध परिवहन के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

जानकारी के अनुसार, वन परिक्षेत्र अधिकारी श्री रूपेन्द्र कुमार साहू के नेतृत्व में महराजी सर्कल के वन कर्मचारियों और सुरक्षा श्रमिकों की टीम ने गश्त के दौरान आरोपी को पकड़ा। आरोपी प्रवीण कुमार पटेल (पिता भनेश राम पटेल, उम्र 37 वर्ष) मोटरसाइकिल (होंडा साइन, क्रमांक CG22 AF 8094) में अवैध रूप से बांस करील और बांस पिका का परिवहन कर रहा था। टीम ने मौके पर ही मोटरसाइकिल और अवैध सामग्री जब्त कर पी.ओ.आर. दर्ज की। बरामद बांस करील और पिका को नियमानुसार गड्ढा खोदकर नष्ट कर दिया गया।

वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी है। इस मामले पर वनमंडलाधिकारी धम्मशील गणवीर ने कहा कि वन संपदा की अवैध कटाई और परिवहन पर्यावरण तथा जंगलों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने बताया कि विभाग लगातार ऐसे मामलों पर नजर बनाए हुए है और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा है।

उन्होंने आम जनता और ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत वन विभाग को दें ताकि सामूहिक प्रयास से वनों की सुरक्षा की जा सके और दोषियों पर त्वरित कार्यवाही हो सके।