छत्तीसगढ़ में 12वीं बोर्ड परीक्षा शुरू: मुख्यमंत्री ने दी छात्रों को शुभकामनाएँ

छत्तीसगढ़ में आज से 12वीं बोर्ड परीक्षाएँ प्रारंभ हो गई हैं। परीक्षा सुबह 9 बजे शुरू हुई और दोपहर 12:15 बजे तक चलेगी। इस वर्ष प्रदेशभर से लगभग 2 लाख 40 हजार से अधिक छात्र-छात्राएँ इस परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं।

परीक्षा के पहले दिन हिंदी विषय का पेपर आयोजित किया गया। परीक्षार्थी सुबह 9 बजे अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुँच गए थे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों को अपनी शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि परीक्षा केवल ज्ञान और परिश्रम की परीक्षा नहीं है, बल्कि संयम और आत्मविश्वास की भी कसौटी होती है। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे तनावमुक्त और सकारात्मक मानसिकता के साथ परीक्षा दें, क्योंकि आत्मविश्वास और सतत अभ्यास ही सफलता की कुंजी हैं।

मुख्यमंत्री ने परीक्षा की तैयारी को बेहतर बनाने के लिए स्वस्थ दिनचर्या, संतुलित आहार और पर्याप्त विश्राम को भी अत्यंत आवश्यक बताया। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से अपील की कि वे बच्चों पर अनावश्यक दबाव डालने के बजाय उनका मनोबल बढ़ाएँ और उन्हें प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को यह विश्वास दिलाना आवश्यक है कि परीक्षा केवल एक पड़ाव है, न कि जीवन की अंतिम मंज़िल। सही मार्गदर्शन और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने सभी छात्रों से अपील की कि वे बिना भय के पूरी लगन और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दें। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी विद्यार्थी अपने परिश्रम और समर्पण से निश्चित रूप से सफलता प्राप्त करेंगे।