मुंगेर में 100 साल पुराने जमालपुर रेलवे अस्पताल का होगा नया निर्माण, केंद्र ने मंजूर किए 19 करोड़ रुपये

मुंगेर के जमालपुर रेलवे अस्पताल के नए भवन निर्माण के लिए केंद्र सरकार ने 19 करोड़ रुपये मंजूर किए। पुराने भवनों का ध्वस्तीकरण शुरू, सभी चिकित्सा सुविधाएँ अब एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी।

मुंगेर में 100 साल पुराने जमालपुर रेलवे अस्पताल का होगा नया निर्माण, केंद्र ने मंजूर किए 19 करोड़ रुपये

मुंगेर के जनता दल यूनाइटेड सांसद एवं केंद्रीय पशुपालन, मत्स्यपालन, डेयरी तथा पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ़ ललन सिंह के लगातार प्रयासों और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के हस्तक्षेप का परिणाम अब सामने आने लगा है। रेल मंत्रालय ने जमालपुर में स्थित 100 वर्ष से अधिक पुराने रेलवे अस्पताल के नए भवन निर्माण के लिए 19 करोड़ रुपये की स्वीकृति दे दी है। इस स्वीकृति के बाद निर्माण प्रक्रिया को गति मिल गई है।

नए भवन के निर्माण के लिए संवेदक का चयन भी कर लिया गया है और शुरुआती कार्य के तौर पर पुराने ढांचों को हटाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। अस्पताल परिसर में स्थित पुराने कैंटीन भवन को तोड़ दिया गया है, जबकि बाकी संरचनाओं को भी चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा।

जमालपुर रेल कारखाना के मुख्य कारखाना प्रबंधक विनय प्रसाद बर्नवाल ने दूरदर्शन से विशेष बातचीत में बताया कि नया आधुनिक अस्पताल तैयार होने के बाद रेलकर्मियों और रेल अधिकारियों को एक ही छत के नीचे जांच, इलाज और ऑपरेशन की सभी सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। इससे मरीजों को बेहतर उपचार मिलेगा और अस्पताल की कार्यक्षमता भी कई गुना बढ़ेगी।

वर्तमान में जमालपुर रेलवे अस्पताल की सेवाएँ विभिन्न भवनों में बिखरी हुई हैं। प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जे. के. प्रसाद के अनुसार, अभी इमरजेंसी, ओपीडी, पैथोलॉजी, वार्ड और आईसीयू अलग-अलग स्थानों पर हैं, जिससे मरीजों को एक विभाग से दूसरे विभाग तक ले जाने में कठिनाई होती है। नए भवन के निर्माण के बाद यह समस्या पूरी तरह समाप्त हो जाएगी और सभी सुविधाएँ एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी।

डॉ. प्रसाद ने बताया कि अभी अस्पताल में आईसीयू, ओपीडी, आई यूनिट, पैथोलॉजी और अल्ट्रासाउंड केंद्र के माध्यम से सभी आवश्यक जांच और इलाज की सेवाएँ दी जाती हैं। प्रतिदिन लगभग 250 से 300 रेल कर्मचारी और अधिकारी अस्पताल में उपचार कराने पहुँचते हैं। नया भवन बन जाने के बाद इन सेवाओं में और अधिक गुणवत्ता और सुविधा जुड़ जाएगी।