भोपाल के बड़े तालाब में 8वीं इंटर स्टेट चैलेंजर्स और 45वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप कल से शुरू
भोपाल के बड़े तालाब में 26 से 30 नवंबर तक 8वीं इंटर स्टेट चैलेंजर्स और 45वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप आयोजित होगी।
राजधानी भोपाल का बड़ा तालाब इस बार एक बार फिर राष्ट्रीय खेल आयोजन का केंद्र बनने जा रहा है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा भारतीय रोइंग संघ के संयुक्त तत्वावधान में 8वीं इंटर स्टेट चैलेंजर्स और 45वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप का आयोजन 26 से 30 नवंबर तक बड़े तालाब में किया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 23 राज्यों के करीब 500 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
सोमवार को खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने आयोजन स्थल पहुँचकर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएँ अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप समय पर पूरी की जाएँ, ताकि देशभर से आने वाले खिलाड़ियों और अधिकारियों को उत्कृष्ट अनुभव मिल सके। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा प्रबंधों, तकनीकी तैयारी, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण क्षेत्रों, उपकरणों की उपलब्धता और रेस ट्रैक मार्किंग सहित सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे शुभारंभ
मंत्री श्री सारंग ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता का शुभारंभ 26 नवंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बड़े तालाब की प्राकृतिक सुंदरता और शांत जल सतह खिलाड़ियों व दर्शकों के लिए एक अनोखा अनुभव प्रदान करेगी।
वॉटर स्पोर्ट्स का प्रमुख केंद्र बन रहा मध्यप्रदेश
मंत्री सारंग ने यह भी कहा कि राष्ट्रीय स्तर की वॉटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिताओं के आयोजन से मध्यप्रदेश देश का प्रमुख केंद्र बन रहा है। इससे न केवल राज्य में वॉटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि युवा खिलाड़ियों को नए अवसर भी मिलेंगे। बड़े तालाब का विस्तृत क्षेत्र और अनुकूल परिस्थितियाँ इसे देश के प्रमुख वॉटर स्पोर्ट्स स्थलों में शामिल करती हैं।
भोपाल का बड़ा तालाब—एक सुंदर और उपयोगी खेल डेस्टिनेशन
मंत्री ने बताया कि भोपाल में इस स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन होना प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश वर्तमान में नेशनल रोइंग खेल में नेशनल चैंपियन भी है, जो खिलाड़ियों की मेहनत और राज्य की प्रभावी खेल नीतियों का प्रमाण है। इस प्रतियोगिता से वॉटर स्पोर्ट्स खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का बेहतर मंच मिलेगा।
विश्वस्तरीय मानकों पर होगी प्रतियोगिता की तैयारी
निरीक्षण के दौरान मंत्री सारंग ने सुरक्षा, चिकित्सा व्यवस्था, जलपोत प्रबंधन, तकनीकी टीम और रेस ट्रैक मार्किंग सहित सभी तैयारियों को विश्वस्तरीय मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।