सीवान में हथियारों के साथ चार बदमाश गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किए पिस्टल और जिंदा कारतूस
सीवान पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान कदम मोड़ के पास चार बदमाशों को पकड़ा। उनके पास से पिस्टल, जिंदा कारतूस, चाकू और चार मोबाइल फोन बरामद हुए। मामले की जांच जारी है।
सीवान पुलिस ने महादेवा ओपी थाना क्षेत्र के कदम मोड़ के पास वाहन चेकिंग के दौरान चार बदमाशों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से एक पिस्टल, 12 जिंदा गोली, एक चाकू और चार एंड्रॉयड फोन बरामद किए, जिन्हें पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
गिरफ्तार किए गए चारों युवक विक्की कुमार, निकेश कुमार, सचिन कुमार और उपेंद्र कुमार बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक हथियारों के साथ शहर की ओर बढ़ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कदम मोड़ क्षेत्र में वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार युवक पुलिस को देखकर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया। तलाशी में हथियार और मोबाइल बरामद होने के बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
सीवान एसडीपीओ अजय कुमार सिंह ने बताया कि सभी गिरफ्तार युवकों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वे शहर में किस उद्देश्य से आ रहे थे। शुरुआती आशंका है कि ये युवक किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस ने कहा कि पूरे मामले की गहराई से जांच जारी है और जल्द ही तथ्य सामने आ जाएंगे।