उपेंद्र कुशवाहा ने कहा: जनता ने दिया ऐतिहासिक जनादेश, नई एनडीए सरकार युवाओं और किसानों पर देगी विशेष ध्यान
सासाराम पहुंचे एनडीए नेता उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि जनता ने सरकार को बड़ा जनादेश दिया है। नई सरकार युवाओं के रोजगार और किसानों की आय पर प्राथमिकता से काम करेगी।
नई सरकार के गठन के बाद एनडीए के घटक दल राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद उपेंद्र कुशवाहा रविवार को सासाराम पहुंचे। जिला अतिथि गृह में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि जनता ने एनडीए को अभूतपूर्व आशीर्वाद दिया है और इसके साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी दी है। उन्होंने कहा,
“जितना बड़ा जनादेश, उतनी बड़ी जिम्मेदारी। जनता की सेवा ही हमारा पहला संकल्प है।”
कुशवाहा ने स्पष्ट किया कि नई सरकार युवाओं के लिए रोजगार सृजन और किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य दिलाने के लिए अलग योजना और तेज कार्रवाई के साथ काम करेगी। उन्होंने बताया कि विकास के सभी आयामों पर सरकार योजनाबद्ध तरीके से तेजी से काम कर रही है, ताकि जनता को ठोस परिणाम मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि भ्रष्टाचार और अपराध की जिन समस्याओं से जनता वर्षों से परेशान रही है, उन्हें खत्म करने के लिए सरकार पूरी तरह गंभीर और प्रतिबद्ध है। कुशवाहा ने भरोसा दिलाया कि नई एनडीए सरकार अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जिम्मेदार ढंग से काम करेगी तथा हर समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।