रक्षा बंधन और बिहार वृक्ष सुरक्षा दिवस पर सीएम नीतीश ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रक्षा बंधन और बिहार वृक्ष सुरक्षा दिवस पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

रक्षा बंधन और बिहार वृक्ष सुरक्षा दिवस पर सीएम नीतीश ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रक्षा बंधन और ‘बिहार वृक्ष सुरक्षा दिवस’ के पावन अवसर पर राजधानी पटना स्थित राजधानी वाटिका में वृक्ष को रक्षा सूत्र बांधा और पौधारोपण किया। इस मौके पर उन्होंने राज्यवासियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

गौरतलब है कि 13 अगस्त 2012 को रक्षा बंधन के शुभ दिन ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ‘बिहार वृक्ष सुरक्षा दिवस’ की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना, पौधों की रक्षा करना और अधिक से अधिक वृक्षारोपण को प्रोत्साहित करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण पृथ्वी पर हो रहे दुष्प्रभावों को कम करने के लिए वृक्षारोपण और वृक्षों का संरक्षण बेहद जरूरी है। राज्य सरकार ‘जल-जीवन-हरियाली अभियान’ समेत कई योजनाओं के तहत व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कर रही है और इको टूरिज्म को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि सरकार के प्रयासों से जनता में पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता और वृक्षारोपण के प्रति जागरूकता लगातार बढ़ रही है।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. सुनील कुमार सहित कई वरीय अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।