आदिवासी कल्याण के लिए मुख्यमंत्री साय का बड़ा कदम: छात्रावास पोर्टल लॉन्च, 85 करोड़ की सहायता जारी

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छात्रावास प्रबंधन पोर्टल लॉन्च कर 85 करोड़ रुपये की सहायता राशि जारी की; आदिवासी एवं पिछड़े वर्गों के कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध।

आदिवासी कल्याण के लिए मुख्यमंत्री साय का बड़ा कदम: छात्रावास पोर्टल लॉन्च, 85 करोड़ की सहायता जारी

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में आदिम जाति, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग की कार्य समीक्षा बैठक ली। इस अवसर पर उन्होंने छात्रावास एवं आश्रम प्रबंधन के लिए एक नवीन पोर्टल का शुभारंभ किया, जिससे अब छात्रावास संचालन में पारदर्शिता और सुचारुता आएगी।

मुख्यमंत्री ने आगामी शिक्षण सत्र 2025-26 के लिए प्रदेश के आश्रम छात्रावासों के संचालन हेतु शिष्यवृत्ति एवं भोजन सहायता की पहली किश्त के रूप में 85 करोड़ रुपये का ऑनलाइन अंतरण भी किया। यह राशि जुलाई से सितंबर 2025 की अवधि के लिए है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि विशेष पिछड़ी जनजातियों और आदिवासी समाज के प्रत्येक सदस्य तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने यह भी कहा कि इन वर्गों के जीवन स्तर को ऊपर उठाना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और विकास की मुख्यधारा में जोड़ना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनजातीय समुदायों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं और केंद्र सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आवास जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में इन वर्गों को तकनीकी रूप से सशक्त कर एक नया भविष्य गढ़ने की दिशा में ठोस कार्य किया जाएगा।