बिहार में विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण का पहला चरण समाप्ति की ओर, आयोग ने विपक्ष के आरोपों को किया खारिज
बिहार में विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के पहले चरण का कार्य पूर्णता की ओर, आयोग ने विपक्ष के आरोपों को नकारा और सुधार की प्रक्रिया को पारदर्शी बताया।
बिहार में चल रहे विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान का पहला चरण अब समाप्ति की ओर है। इस बीच विपक्ष की ओर से यह आरोप लगाए जा रहे हैं कि राज्य सरकार वैध मतदाताओं के नाम सूची से हटा रही है। हालांकि भारत निर्वाचन आयोग ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि कोई भी पात्र मतदाता वोटर लिस्ट से वंचित नहीं रहेगा।
चुनाव आयोग ने यह भी घोषणा की है कि 1 अगस्त से 1 सितंबर तक, मतदाता या किसी भी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल को बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) अथवा बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) द्वारा की गई किसी भी त्रुटि को सुधारने का मौका मिलेगा। यदि किसी योग्य मतदाता का नाम गलती से हट गया है या किसी अयोग्य व्यक्ति का नाम जोड़ा गया है, तो लिखित आवेदन देकर सुधार कराया जा सकता है। यह प्रक्रिया एसआईआर आदेश के पृष्ठ 3, पैरा 7(5) के तहत लागू होगी।
अब तक 99% मतदाता कवर
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, अब तक 99 प्रतिशत मतदाता कवर किए जा चुके हैं। आयोग ने 20 लाख मृतक, 28 लाख स्थायी प्रवासी और 7 लाख से अधिक दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं को चिन्हित किया है। इसके अलावा, करीब 1 लाख मतदाताओं का कोई ठोस पता नहीं मिला, जबकि 15 लाख से अधिक लोगों ने अब तक फॉर्म नहीं भरा है। अब तक 7.17 करोड़ मतदाताओं (90.89%) के फॉर्म प्राप्त कर उन्हें डिजिटाइज किया जा चुका है।
राजनीतिक सहभागिता को बढ़ावा
एसआईआर के पारदर्शी संचालन के लिए 20 जुलाई को बिहार के 12 प्रमुख राजनीतिक दलों के जिला अध्यक्षों द्वारा नियुक्त 1.5 लाख बूथ लेवल एजेंट्स को मतदाता सूची से संबंधित सूचनाएं प्रदान की गई हैं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर पात्र नागरिक का नाम सूची में हो और अयोग्य नामों को हटाया जा सके।
भारत निर्वाचन आयोग ने दो टूक शब्दों में कहा है कि उसका लक्ष्य एक पारदर्शी, सटीक और समावेशी मतदाता सूची तैयार करना है, ताकि किसी योग्य व्यक्ति को मतदान से वंचित न किया जा सके और अयोग्य नाम सूची में शामिल न हों। आयोग की इस पहल से बिहार में निष्पक्ष चुनाव की दिशा में एक मजबूत आधार तैयार हो रहा है।