मेहनत और नवाचार से जय सिंह बने प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ बागवान
बाराबंकी के किसान जय सिंह को आम की उन्नत खेती के लिए मुख्यमंत्री योगी ने सर्वश्रेष्ठ बागवान पुरस्कार से नवाजा, बने अन्य किसानों के लिए प्रेरणा।
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के रामनगर विकासखंड के प्रगतिशील किसान जय सिंह ने परिश्रम, नवाचार और समर्पण की मिसाल पेश करते हुए आम की खेती में नया मुकाम हासिल किया है। पारंपरिक खेती में आधुनिक तकनीकों का समावेश कर उन्होंने आम की उत्पादकता में उल्लेखनीय वृद्धि की है।
उनकी इसी मेहनत और नवाचारी सोच के लिए उन्हें उत्तर प्रदेश आम महोत्सव 2025 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सर्वश्रेष्ठ बागवान पुरस्कार से सम्मानित किया गया। जिला उद्यान निरीक्षक अनिल सिंह ने बताया कि जय सिंह की कार्यशैली और उनके उत्कृष्ट परिणामों को देखकर उद्यान विभाग ने उन्हें राज्य स्तर पर सम्मानित करने का निर्णय लिया।
जय सिंह की यह उपलब्धि न केवल उनके लिए गौरव का विषय है, बल्कि वे अब अन्य किसानों के लिए भी एक प्रेरणास्त्रोत बन गए हैं।