Mathura Weather: सर्दी अब सताएगी...तेजी से लुढ़केगा पारा, बारिश की संभावना; बढ़ जाएगी ठिठुरन

मौसम विभाग ने तेजी के साथ तापमान लुढ़कने की संभावना जताई है।

Mathura Weather: सर्दी अब सताएगी...तेजी से लुढ़केगा पारा, बारिश की संभावना; बढ़ जाएगी ठिठुरन

मथुरा। मौसम का मिजाज बदलते ही पारा ऊपर चढ़ने लगा है, लेकिन तेजगति से चल रही सर्द हवाएं अभी भी परेशानी बढ़ा रही हैं। हालांकि दिन में खिली धूप कुछ राहत दे रही है, जबकि सुबह-शाम के समय ठिठुरन का आभास बना है। मौसम विभाग ने शुक्रवार की रात से तेजी के साथ तापमान लुढ़कने की संभावना जताई है।

बीते तीन दिन से निकल रही तेज धूप से मौसम अब शुष्क हो गया है। बृहस्पतिवार को दिन निकलने पर सुबह के समय हल्का कोहरा रहा, जबकि दिन चढ़ते ही सूर्यदेव के दर्शन हो गए। हालांकि हवाएं चलने से सर्दी का अहसास भी हुआ। इससे 24 घंटे में अधिकतम पारा में 7 अंक उछाल के साथ 21.3 रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 9 डिग्री पर ही टिका रहा। ऐसे में दिन की बजाय रात अधिक सर्द महसूस की गई।

मौसम विभाग के अधिकारी राजवीर सिंह ने बताया है कि बदलाव से तापमान ऊपर चढ़ने लगा है। हालांकि अभी तेज गति से सतही हवा चल रही है। शनिवार को हल्की बारिश के साथ तेजी से पारा लुढ़केगा। इससे ठिठुरन बढ़ जाएगी।