मुरादाबाद नगर निगम: अतिक्रमण करने पर अब सीज होगी दुकान, दर्ज किया जाएगा मुकदमा, शुरू हुआ विशेष चेकिंग अभियान
सड़क, ग्रीन बेल्ट, फुटपाथ और नालों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ अब नगर निगम और सख्ती करने जा रहा है। शनिवार से शुरू होने वाले विशेष अभियान के तहत पहली बार अतिक्रमण मिलने पर दस हजार रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा।
सड़क, ग्रीन बेल्ट, फुटपाथ और नालों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ अब नगर निगम और सख्ती करने जा रहा है। शनिवार से शुरू होने वाले विशेष अभियान के तहत पहली बार अतिक्रमण मिलने पर दस हजार रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा। दूसरी बार अतिक्रमण पर 25 हजार का जुर्माना लगेगा।
इसके बाद भी यदि अतिक्रमण किया गया तो संबंधित दुकानदार या भवन को सामान सहित सीज कर दिया जाएगा। साथ ही आरोपी के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज होगा। पिछले दिनों स्टेशन रोड पर सड़क दुर्घटना में हिंदू कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर की माैत हो गई थी। उनकी माैत का कारण भी फुटपाथ पर होने वाला अतिक्रमण ही था।
इसके बाद कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह ने स्टेशन रोड के साथ ही पूरे शहर में फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। कमिश्नर के निर्देशानुसार नगर निगम की टीम अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। नगर निगम ने अब सार्वजनिक रूप से एलान कराया है कि एक फरवरी से विभिन्न सड़कों की फोटोग्राफी कराई जाएगी और उसी फोटोग्राफी की फुटेज से अतिक्रमण करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।