ऑपरेशन सिंदूर: भारत की करारी जवाबी कार्रवाई में 100 से अधिक आतंकवादी ढेर, अब भी जारी है मिशन

ऑपरेशन सिंदूर में भारत ने अब तक 100 से ज्यादा आतंकवादियों को मार गिराया, 9 आतंकी ठिकाने तबाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दी ऑपरेशन के जारी रहने की जानकारी।

ऑपरेशन सिंदूर: भारत की करारी जवाबी कार्रवाई में 100 से अधिक आतंकवादी ढेर, अब भी जारी है मिशन

भारत ने पहलगाम आतंकी हमले का मुंहतोड़ जवाब "ऑपरेशन सिंदूर" के तहत दिया है। इस सटीक सैन्य कार्रवाई में अब तक 100 से अधिक आतंकवादी मारे जा चुके हैं और गिनती अभी जारी है। गुरुवार को केंद्र सरकार द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में यह अहम जानकारी साझा की गई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर अभी भी जारी है और जब तक पाकिस्तान कोई उकसाने वाली कार्रवाई नहीं करता, भारत की ओर से कोई और हमला नहीं किया जाएगा।

सूत्रों के अनुसार, भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पीओके में आतंक के 21 ठिकानों की पहचान की थी, जिनमें से 9 को सफलतापूर्वक तबाह कर दिया गया है। शेष 12 ठिकानों को भी जल्द निशाना बनाया जा सकता है। केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने बैठक के बाद कहा कि ऑपरेशन की संवेदनशीलता को देखते हुए विस्तृत जानकारी साझा करना अभी संभव नहीं है।

इस बीच पाकिस्तान की ओर से लगातार सीजफायर का उल्लंघन किया जा रहा है। वह ऑपरेशन सिंदूर के जवाब में बौखलाहट में कई सीमावर्ती इलाकों में गोलीबारी कर चुका है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बदले की धमकी दी है और पाकिस्तानी सेना ने खुली कार्रवाई की अनुमति मांगी है। हालांकि भारतीय सेना ने हर मोर्चे पर पाक को करारा जवाब दिया है, विशेषकर एलओसी पर।

भारत ने साफ कर दिया है कि देश की सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, और आतंकवाद के खिलाफ उसकी नीति ‘जीरो टॉलरेंस’ पर आधारित है।