पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा बनी जीवन की संजीवनी, सिंगरौली के मरीज को पहुंचाया इंदौर
पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा से गंभीर मरीजों को त्वरित और सुरक्षित चिकित्सा मिल रही है। आयुष्मान कार्डधारकों को निःशुल्क वायु परिवहन सुविधा का लाभ।
पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा आपातकालीन स्थितियों में राज्य के नागरिकों के लिए जीवन रक्षक सिद्ध हो रही है। यह सेवा गंभीर मरीजों को त्वरित और सुरक्षित चिकित्सा सहायता प्रदान कर रही है, जिससे बहुमूल्य समय की बचत के साथ अनेक जानें बचाई जा रही हैं।
हाल ही में सिंगरौली जिले के लाल कृष्ण वैश्य (31 वर्ष) को सड़क दुर्घटना में गंभीर चोटें आईं और उनके पूरे शरीर का पक्षाघात (पैरालिसिस) हो गया। उनकी हालत अत्यंत नाज़ुक थी, इसलिए उन्हें जबलपुर से इंदौर के आयुष्मान भारत से सम्बद्ध अस्पताल में एयर एम्बुलेंस से एयरलिफ्ट किया गया। सड़क या रेल मार्ग से उनका परिवहन संभव नहीं था, ऐसे में एयर एम्बुलेंस ने उनकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।
सेवा की विशेषताएं:
-
आयुष्मान कार्डधारकों को राज्य के भीतर और बाहर शासकीय/आयुष्मान अस्पतालों तक नि:शुल्क एयर एम्बुलेंस सुविधा दी जाती है।
-
गैर-आयुष्मान कार्डधारकों को राज्य में निःशुल्क और राज्य से बाहर अनुबंधित दरों पर सशुल्क सुविधा उपलब्ध है।
-
सड़क दुर्घटना, औद्योगिक हादसे या प्राकृतिक आपदाओं से पीड़ित सभी नागरिकों को राज्य के भीतर या बाहर मुफ्त सेवा मिलती है।
-
यह सेवा जिला अस्पतालों के माध्यम से उपलब्ध है, और अनुशंसा सीएमएचओ, मेडिकल कॉलेज अधिष्ठाता या कलेक्टर के माध्यम से होती है।
सेवा का संचालन स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सा शिक्षा विभाग, भोपाल द्वारा किया जाता है।