नेपाल में सोशल मीडिया बैन के खिलाफ भड़के हिंसक प्रदर्शन, अब तक 14 की मौत

नेपाल में सोशल मीडिया प्रतिबंध के खिलाफ राजधानी काठमांडू और अन्य हिस्सों में हिंसक प्रदर्शन भड़क उठे। पुलिस और प्रदर्शनकारियों की झड़प में अब तक 14 लोगों की मौत और दर्जनों घायल। सरकार ने कर्फ्यू और सेना तैनात की।

नेपाल में सोशल मीडिया बैन के खिलाफ भड़के हिंसक प्रदर्शन, अब तक 14 की मौत

काठमांडू: नेपाल में सोशल मीडिया पर प्रतिबंध के बाद राजधानी काठमांडू सहित कई हिस्सों में हिंसक विरोध प्रदर्शन भड़क उठे। सोमवार को हुए प्रदर्शनों में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प में अब तक 14 लोगों की मौत और 87 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं।

सरकार ने फेसबुक, एक्स (पूर्व ट्विटर), यूट्यूब और व्हाट्सएप समेत 26 सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म्स पर अस्थायी रोक लगा दी थी। सरकार का कहना है कि यह कदम तकनीकी कारणों और पंजीकरण संबंधी प्रक्रिया के कारण उठाया गया, लेकिन प्रदर्शनकारी इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला बता रहे हैं।

स्थिति बिगड़ने के बाद प्रशासन ने काठमांडू और कई संवेदनशील क्षेत्रों में कर्फ्यू लागू कर दिया है और हालात काबू में लाने के लिए सेना को तैनात किया गया है।

इस दौरान संसद भवन तक प्रदर्शनकारियों ने पहुंचने की कोशिश की, जहां पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए अश्रु गैस, रबर बुलेट और गोलियों का इस्तेमाल किया।

राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि यह आंदोलन केवल सोशल मीडिया प्रतिबंध तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं का गुस्सा भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और शासन की नीतियों के खिलाफ भी है।

सरकार की ओर से अब तक इस पर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन हालात को देखते हुए उच्चस्तरीय बैठकें लगातार जारी हैं।