प्रधानमंत्री मोदी ने देशभर में युवाओं के लिए 62 हजार करोड़ की योजनाओं का शुभारंभ, कौशल और उद्यमिता को मिलेगा नया आयाम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में कौशल दीक्षांत समारोह के दौरान 62 हजार करोड़ रुपये से अधिक की युवा-केंद्रित योजनाओं की शुरुआत की।

प्रधानमंत्री मोदी ने देशभर में युवाओं के लिए 62 हजार करोड़ की योजनाओं का शुभारंभ, कौशल और उद्यमिता को मिलेगा नया आयाम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित ‘कौशल दीक्षांत समारोह’ में देशभर के युवाओं के लिए 62 हजार करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं की शुरुआत की। इन योजनाओं का उद्देश्य देश में शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमिता को नई दिशा देना है। इस अवसर पर उन्होंने ‘प्रधानमंत्री स्किलिंग एंड एम्प्लॉयबिलिटी ट्रांसफॉर्मेशन थ्रू अपग्रेडेड आईटीआई – पीएम-सेतु (PM-SETU)’ योजना की भी शुरुआत की।

प्रधानमंत्री ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि कौशल राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है और सरकार युवाओं को भविष्य का नेतृत्व करने के लिए स्किल और इनोवेशन पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि भारत ज्ञान और कौशल की भूमि है और देश की बौद्धिक शक्ति ही इसकी सबसे बड़ी संपत्ति है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आईटीआई केवल औद्योगिक शिक्षा के संस्थान नहीं हैं, बल्कि वे आत्मनिर्भर भारत के कार्यशालाओं के समान हैं। उन्होंने बताया कि PM-SETU योजना के तहत देशभर की एक हजार से अधिक आईटीआई को अपग्रेड किया जाएगा और उनमें आधुनिक मशीनें और उपकरण लगाए जाएंगे, जिससे भारत के युवा वैश्विक कौशल आवश्यकताओं से जुड़ सकें।

श्री मोदी ने इस अवसर पर भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज सेवा को समर्पित किया। उनके नाम पर बनने वाला कौशल विश्वविद्यालय उनके सपनों को आगे बढ़ाने का माध्यम बनेगा।

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि देश में इस समय ‘जीएसटी बचत उत्सव’ चल रहा है और बिहार के युवाओं के लिए यह दोगुनी खुशी का समय है। उन्होंने जीएसटी में कमी के लिए देश और बिहार के युवाओं को बधाई दी।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने 400 नवोदय विद्यालयों और 200 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में स्थापित 1200 व्यावसायिक कौशल प्रयोगशालाओं का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने बिहार की पुनर्गठित ‘मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना’ भी शुरू की, जिसके तहत हर साल पांच लाख स्नातक युवाओं को दो वर्षों तक प्रतिमाह 1000 रुपये का भत्ता और मुफ्त कौशल प्रशिक्षण मिलेगा।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले 46 आईटीआई टॉपर्स को सम्मानित भी किया।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री जयंत सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी की भारत को वैश्विक कौशल केंद्र बनाने की दृष्टि को दोहराया, जबकि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से भाग लिया।