भिवानी का प्रेमी युगल आत्महत्या मामला: डेढ़ माह पहले ही हुई थी मुलाकात, नजदीकियां बढ़ीं तो एक साथ दे दी जान
भिवानी के लोहारू के एक होटल में जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या करने वाले प्रेमी युगल के मामले में पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
भिवानी के लोहारू के एक होटल में जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या करने वाले प्रेमी युगल के मामले में पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सोमवार सुबह दोनों मृतकों के परिजन पहुंच गए और पुलिस ने सीएचसी में पोस्टमार्टम करवाकर शव उनके हवाले कर दिया। हालांकि पुलिस सुसाइड नोट के बारे में कुछ भी बताने से इन्कार कर रही है।
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में पता चला है कि रूपेंद्र और सुनीता की करीब डेढ़ माह पहले पंजाब में मुलाकात हुई थी। इसके बाद ही दोनों की नजदीकियां बढ़ीं और नौबत एक दूसरे के साथ जीने-मरने तक की आ गई। दोनों ने महज चार दिन पहले ही सहमति संबंध में रहने का प्रमाण पत्र बनवाया था। सुनीता विवाहित थी और दो बच्चों की मां थी। रूपेंद्र निकटवर्ती गांव बुढ़ेड़ी का था और कथित रूप से सुनीता के साथ तीन-चार दिनों से सहमति संबंध में रह रहा था।