शिवराज सिंह चौहान ने पटना में मखाना महोत्सव 2025 का किया शुभारंभ, किसानों की आय और उत्पादन बढ़ाने पर जोर

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पटना में मखाना महोत्सव 2025 का उद्घाटन किया, किसानों की आय बढ़ाने, मखाना उत्पादन और अनुसंधान पर विशेष जोर दिया।

शिवराज सिंह चौहान ने पटना में मखाना महोत्सव 2025 का किया शुभारंभ, किसानों की आय और उत्पादन बढ़ाने पर जोर

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज पटना के ज्ञान भवन में आयोजित मखाना महोत्सव 2025 का शुभारंभ किया। इस महोत्सव का उद्देश्य मखाना के संवर्धन, प्रसंस्करण और किसानों की आय में वृद्धि करना है।

इस अवसर पर बिहार के उपमुख्यमंत्री और कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा भी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि इस महोत्सव में 16 जिलों से आए 350 से अधिक किसान, साथ ही देशभर के वैज्ञानिक और उद्यमी शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि मखाना, जिसे ‘मां का खाना’ कहा जाता है, अब सुपरफूड के रूप में विश्वभर में पहचान बना चुका है। भारत के कुल मखाना उत्पादन का लगभग 85-90% हिस्सा बिहार के किसानों द्वारा उत्पादित किया जाता है।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मखाना अब केवल बिहार की थाली तक सीमित नहीं है, बल्कि अमेरिका, कनाडा और अरब देशों में निर्यात हो रहा है। उन्होंने बताया कि अफ्रीका के साथ भी MoU साइन हो चुका है और आने वाले समय में यूरोप और एशिया के अन्य देशों में भी मखाना जाएगा।

शिवराज सिंह चौहान ने आगे कहा कि मखाना बोर्ड ने कार्य प्रारंभ कर दिया है और उनकी पहली प्राथमिकता मखाना पर अनुसंधान और विकास है। उन्होंने कहा कि उत्पादन बढ़ाने के लिए विशेष बीजों का निर्माण जरूरी है, जिससे अधिक मात्रा में मखाना उगाया जा सके। इस दिशा में ICAR लगातार प्रयासरत है। मंत्री ने मखाना उत्पादक किसानों और प्रोसेसिंग व व्यापार से जुड़े लोगों को आश्वासन दिया कि मखाना अनुसंधान के लिए आवश्यक सभी संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।