नेपाल की पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की लेंगी अंतरिम प्रधानमंत्री पद की शपथ
नेपाल की पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की आज अंतरिम प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगी। पीएम ओली के इस्तीफे और संसद भंग होने के बाद यह कदम उठाया गया।

नेपाल की राजनीति में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की आज शुक्रवार शाम 8:45 बजे राष्ट्रपति भवन शीतल निवास में अंतरिम प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगी। यह कदम प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली के इस्तीफे के बाद उठाया गया है। ओली ने युवाओं के नेतृत्व में चल रहे बड़े प्रदर्शनों के बीच इस्तीफा दिया।
सुशीला कार्की नेपाल की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश रह चुकी हैं। वे जुलाई 2016 से जून 2017 तक इस पद पर रहीं और अपने कड़े फैसलों के लिए जानी जाती हैं। देश के जेन-जेड आंदोलन के नेताओं ने उनके नाम का समर्थन किया है, उनका मानना है कि कार्की निष्पक्ष और विश्वसनीय नेतृत्व दे सकती हैं।
इस बीच नेपाल की संसद भंग कर दी गई है, जो आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगों में से एक थी। कई राजनीतिक दलों और सिविल सोसायटी संगठनों ने संवैधानिक प्रक्रिया बनाए रखने की अपील की है।