खेलों को जनआंदोलन बनाने की आवश्यकता: खेल मंत्री डॉ. मांडविया
खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि भारत की हर गली खेल का मैदान बने और हर मंच पर तिरंगा लहराए। उन्होंने राष्ट्रीय खेल शासन अधिनियम 2025 को खेलों में बड़ा सुधार बताया।

युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा है कि भारत की हर गली खेल का मैदान बने और हर मंच पर भारत का तिरंगा लहराए। नई दिल्ली में एक निजी मीडिया हाउस द्वारा आयोजित खेल शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि खेलों को जनआंदोलन बनाना जरूरी है ताकि हर नागरिक से इसका जुड़ाव हो सके।
डॉ. मांडविया ने ‘संडेज ऑन साइकिल्स’ जैसी पहल को जमीनी स्तर पर सहभागिता का प्रतीक बताते हुए कहा कि हर घर में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। उन्होंने भारत को दुनिया के शीर्ष पांच खेल राष्ट्रों में शामिल करने की दृष्टि भी साझा की।
उन्होंने राष्ट्रीय खेल शासन अधिनियम 2025 को ऐतिहासिक बताया। यह अधिनियम खिलाड़ियों के हितों को केंद्र में रखकर शासन सुनिश्चित करेगा, विवाद निपटान के लिए तंत्र प्रदान करेगा और निर्णय लेने वाली संस्थाओं में महिलाओं की अनिवार्य भागीदारी सुनिश्चित करेगा।