मुंबई से कोंकण तक गणपति भक्तों के लिए चलेगी 250 विशेष ट्रेनें

गणेश उत्सव पर मध्य रेलवे द्वारा 250 स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। यात्री वैध आरक्षित टिकट के साथ यात्रा करें। रेलवे ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।

मुंबई से कोंकण तक गणपति भक्तों के लिए चलेगी 250 विशेष ट्रेनें

मुंबई और कोंकण क्षेत्र में गणेश उत्सव के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए मध्य रेलवे ने 22 अगस्त से 10 सितंबर के बीच कुल 250 स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला लिया है। रेलवे के जनसंपर्क प्रमुख (सीपीआरओ) स्वप्निल नीला ने जानकारी दी कि हर साल की तरह इस बार भी गणपति बप्पा के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष रेलगाड़ियों की योजना बनाई गई है।

ये विशेष ट्रेनें छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, लोकमान्य तिलक टर्मिनस, पुणे, सावंतवाड़ी, दिवा जैसे विभिन्न स्टेशनों से कोंकण क्षेत्र की ओर चलाई जाएंगी। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। सभी से आग्रह किया गया है कि वे वैध आरक्षित टिकट के साथ ही यात्रा करें। इन ट्रेनों के लिए बुकिंग प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हो रही है। वहीं, 25 जुलाई को चलने वाली ट्रेनों की बुकिंग भी उसी दिन से खुलेगी।

रेलवे की ओर से यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा देने के लिए विशेष सुरक्षा उपाय किए गए हैं। इनमें भूस्खलन रोकने के लिए घास लगाना, मिट्टी की मजबूत फिनिशिंग करना, जाली लगाना और मजबूत फेसिंग जैसे उपाय शामिल हैं। स्वप्निल नीला ने बताया कि मध्य रेलवे और कोंकण रेलवे दोनों ने मिलकर यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

मध्य रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस पावन पर्व को शांति, नियम और सुरक्षा के साथ मनाएं और रेलवे द्वारा की गई व्यवस्थाओं में सहयोग करें।