वाराणसी में गंगा उफान पर: घाटों पर अलर्ट, जलस्तर लगातार बढ़ रहा

वाराणसी में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। घाटों को रेड, येलो और ग्रीन जोन में बांटा गया, जल पुलिस अलर्ट पर। शवदाह स्थल बदले, नाव संचालन पर भी सख्ती।

वाराणसी में गंगा उफान पर: घाटों पर अलर्ट, जलस्तर लगातार बढ़ रहा

वाराणसी में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे प्रशासन और तीर्थयात्रियों की चिंता बढ़ गई है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, सोमवार सुबह 10 बजे तक गंगा का जलस्तर 63 मीटर तक पहुंच चुका था और हर दो घंटे में यह एक सेंटीमीटर की रफ्तार से बढ़ रहा है।

अस्सी घाट पर गंगा नदी अब मंच के बेहद करीब बह रही है, जबकि हरिश्चंद्र घाट पर शवदाह की व्यवस्था को दूसरी जगह शिफ्ट करना पड़ा है। तीर्थ पुरोहितों ने भी एहतियात के तौर पर अपनी चौकियों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसीपी डॉक्टर अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि शहर के 25 प्रमुख घाटों को रेड, येलो और ग्रीन जोन में विभाजित कर दिया गया है। रेड जोन में जल पुलिस की तैनाती कर दी गई है और बिना लाइफ जैकेट किसी भी व्यक्ति को नाव पर बैठने की अनुमति नहीं दी जा रही है।

सावन के मद्देनज़र सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए प्रशासन ने दो अतिरिक्त फ्लड टीमों की मांग की है। यदि जलस्तर 65 मीटर को पार करता है तो बड़ी नावों के संचालन पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया जाएगा।