नागालैंड में डॉ. तालीमरेन ऑ जूनियर गर्ल्स नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप शुरू, पंजाब की बड़ी जीत

नागालैंड में डॉ. तालीमरेन ऑ जूनियर गर्ल्स नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप 2025-26 शुरू हुई। पंजाब ने अंडमान-निकोबार को 20-0 से हराया, जबकि मेजबान नागालैंड 1-3 से उत्तराखंड से हारा।

नागालैंड में डॉ. तालीमरेन ऑ जूनियर गर्ल्स नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप शुरू, पंजाब की बड़ी जीत

नागालैंड में डॉ. तालीमरेन ऑ जूनियर गर्ल्स नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप 2025-26 (टीयर-2) की शुरुआत कल से चूमौकेदिमा फुटबॉल स्टेडियम में हो गई। पहले दिन ग्रुप बी की टीमों के बीच मुकाबले खेले गए। उद्घाटन मैच में पंजाब ने अंडमान और निकोबार को एकतरफा मुकाबले में 20-0 से बड़े अंतर से हराया। वहीं मेजबान नागालैंड को उत्तराखंड के खिलाफ 1-3 से हार झेलनी पड़ी।

नागालैंड पहली बार इस राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियनशिप की मेजबानी कर रहा है। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नेफियू रियो ने ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन द्वारा इस टूर्नामेंट का नाम नागालैंड के प्रसिद्ध फुटबॉलर और चिकित्सक डॉ. तालीमरेन ऑ के नाम पर रखने के फैसले की सराहना की। उन्होंने इसे भारतीय फुटबॉल में उनके योगदान को उचित सम्मान बताया।

मुख्यमंत्री रियो ने कहा कि यह आयोजन देश भर से आई प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों की भागीदारी के माध्यम से भारतीय खेलों की एकता, शक्ति और उत्साह का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि यह चैंपियनशिप महिला फुटबॉल के उभार और युवा खिलाड़ियों के बढ़ते आत्मविश्वास को भी दर्शाती है।

आज टूर्नामेंट में दो मुकाबले खेले जाएंगे। दोपहर 2:30 बजे हिमाचल प्रदेश का मुकाबला मध्य प्रदेश से होगा, जबकि शाम 6:30 बजे महाराष्ट्र और मिजोरम आमने-सामने होंगे।