लखीमपुर खीरी में दर्दनाक हादसा: श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली पर पलटा गैस टैंकर, एक व्यक्ति की मौत, कई घायल
लखीमपुर-मोहम्मदी मार्ग पर भीखमपुर नहर पुल के निकट हुआ हादसा
लखीमपुर-मोहम्मदी मार्ग पर भीकमपुर नहर पुल के निकट तेज रफ्तार इंडेन गैस टैंकर की श्रद्धालुओं से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली से आमने-सामने की टक्कर हो गई। इससे टैंकर पलट गया, जबकि ट्रैक्टर ट्रॉली पलटते हुए गहरी खंदक में जा गिरी। हादसे में एक बुजुर्ग श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। एक गंभीर घायल को जिला अस्पताल रेफर किया गया। हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर भीखमपुर पुलिस पिकेट के सिपाही पहुंच गए। घायलों को निजी वाहन से भेजा गया। बाद में पहुंचे मितौली और हैदराबाद पुलिस बल ने मौजूद भीड़ को टैंकर के पास से हटाया।
भीखमपुर क्षेत्र के ग्राम पचपेड़वा से तमाम श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली से मौनी अमावस्या पर टेढ़ेनाथ धाम जा रहे थे। इसी दौरान मोहम्मदी की तरफ से आ रहा तेज रफ्तार गैस टैंकर सामने से ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गया, जिससे ट्रैक्टर का कुंडा टूट गया। ट्रैक्टर ट्रॉली आठ फीट गहरे खंदक में जा गिरा। ट्रैक्टर पर बैठे पचपेड़वा निवासी कैलाश मिश्रा महात्मा (60 वर्ष) की मौत हो गई।