भारत-UK के बीच ऐतिहासिक व्यापार समझौता, मोदी ने बताया साझा समृद्धि का रोडमैप

भारत और यूके ने ऐतिहासिक CETA समझौते और 'विजन-2035' पर हस्ताक्षर किए, जिससे व्यापार, शिक्षा, रक्षा, कृषि और तकनीकी क्षेत्रों में नए अवसर खुलेंगे।

भारत-UK के बीच ऐतिहासिक व्यापार समझौता, मोदी ने बताया साझा समृद्धि का रोडमैप

भारत और यूनाइटेड किंगडम ने गुरुवार को एक ऐतिहासिक व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौता (CETA) पर हस्ताक्षर किए। यह करार ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टारमर और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चेकर्स एस्टेट में हुई बैठक के दौरान संपन्न हुआ। प्रधानमंत्री मोदी ने इस समझौते को “साझा समृद्धि की योजना” बताया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह समझौता भारत के टेक्सटाइल, फुटवियर, रत्न-आभूषण, समुद्री खाद्य और इंजीनियरिंग उत्पादों को यूके के बाजार में बेहतर पहुंच देगा। साथ ही, भारतीय कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उद्योग के लिए भी नए द्वार खुलेंगे, जिससे युवा, किसान, मछुआरे और एमएसएमई को लाभ होगा।

वहीं यूके के मेडिकल डिवाइसेज़ और एयरोस्पेस जैसे क्षेत्रों की तकनीक भारत में किफायती दरों पर उपलब्ध होगी। प्रधानमंत्री मोदी ने डबल कॉन्ट्रीब्यूशन कन्वेंशन पर सहमति को दोनों देशों के सेवा क्षेत्रों को नई ऊर्जा देने वाला बताया, जिससे निवेश और रोजगार के अवसर दोनों देशों में बढ़ेंगे।

दोनों देशों ने मिलकर एक नया ‘विजन-2035’ भी जारी किया है, जो प्रौद्योगिकी, रक्षा, जलवायु, शिक्षा, और जनसंपर्क के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की दिशा में रोडमैप तैयार करता है। डिफेंस इंडस्ट्रियल रोडमैप और टेक्नोलॉजी सिक्योरिटी इनिशिएटिव को मजबूती देने पर विशेष बल दिया गया।

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि यूके की 6 प्रमुख यूनिवर्सिटियां भारत में कैंपस खोल रही हैं, जिनमें गुरुग्राम की साउथ हैम्पटन यूनिवर्सिटी का हालिया उद्घाटन एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ साझा प्रतिबद्धता जताते हुए पहलगाम आतंकी हमले की निंदा के लिए प्रधानमंत्री स्टारमर का आभार व्यक्त किया और कहा कि आतंकवाद के मामले में दोहरे मापदंड स्वीकार्य नहीं हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने अहमदाबाद हादसे में मारे गए यूके नागरिकों के प्रति संवेदना प्रकट की और भारतीय मूल के लोगों को दोनों देशों के बीच “लिविंग ब्रिज” बताया, जो यूके की अर्थव्यवस्था, संस्कृति, खेल और सेवाओं में योगदान दे रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने स्टारमर को भारत यात्रा का निमंत्रण भी दिया और हल्के-फुल्के अंदाज में टेस्ट क्रिकेट सीरीज का जिक्र करते हुए दोनों देशों के रिश्तों में गर्मजोशी का परिचय दिया। यह समझौता और ‘विजन-2035’ आने वाले वर्षों में भारत-UK साझेदारी को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगा।