इंदौर में दिव्यांग से दिव्य बने बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुति, आरोग्य भारती के कार्यक्रम में इंदौर संभाग के बच्चे हुए शामिल
जो बच्चे कभी रेंग कर चलते थे, वे आज देश भक्ति के तरानों पर खूबसूरत नृत्य कर रहे थे
जो बच्चे कभी रेंग कर चलते थे, वे आज देश भक्ति के तरानों पर खूबसूरत नृत्य कर रहे थे....जो बच्चे जन्म-जात विकलांग थे और हाथ पैर टेढ़े मेढ़े थे, वे आज अपने पैरों पर खड़े होकर मजबूती का संदेश दे रहे थे...! अवसर था आरोग्य भारती तथा नीमा इंस्टीट्यूट ऑफ ऑर्थो-पेडिक्स द्वारा आयोजित दिव्यांग से दिव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का...! इस कार्यक्रम में इंदौर संभाग के विभिन्न जिलों के आदिवासी और ग्रामीण इलाकों के उन बच्चों ने भाग लिया जो जन्मजात अस्थि बाधित दिव्यांग थे और जिन्हें नीमा ट्रस्ट द्वारा निःशुल्क ऑपरेशन द्वारा चलने फिरने और काम करने लायक बनाया था। कार्यक्रम में झाबुआ , धार,बड़वानी,खरगोन,अलीराजपुर, देपालपुर, सतवास,खातेगांव खरगौन आदि क्षेत्रों के बच्चे शामिल हुए।