बेमेतरा में शुरू हुआ MLA फैलोशिप प्रोग्राम, युवाओं को मिलेगी मुफ्त कोचिंग और प्रोत्साहन
बेमेतरा विधायक दीपेश साहू की पहल पर शुरू हुए MLA फैलोशिप प्रोग्राम के तहत युवाओं को मुफ्त कोचिंग और प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। स्थानीय छात्रों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
बेमेतरा जिले में युवाओं के सपनों को साकार करने के उद्देश्य से श्री राम एकेडमी के तत्वाधान में और विधायक दीपेश साहू की पहल पर MLA फैलोशिप प्रोग्राम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस कार्यक्रम के तहत जिले के मूल निवासी युवाओं को निःशुल्क कोचिंग का लाभ मिलेगा। इस फैलोशिप में भाग लेने के लिए पंजीयन की प्रक्रिया 11 अगस्त से शुरू की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर आने पर विशेष प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी।
विधायक दीपेश साहू ने बताया कि 9 महीने पहले शुरू हुई यह निःशुल्क कोचिंग पहल अब सफलता की दिशा में आगे बढ़ रही है। श्री राम एकेडमी के दो छात्रों ने पंडित सुंदरलाल शर्मा विश्वविद्यालय के प्री-डीएड और प्री-बीएड प्रवेश परीक्षा में राज्य में तीसरा और पांचवां स्थान प्राप्त किया है, जो संस्थान के लिए गौरव की बात है।
संस्थान में अध्ययनरत छात्रों ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से उन्हें बिना किसी शुल्क के प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने का अवसर मिला है। यह खासतौर पर उन छात्रों के लिए वरदान है जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं लेकिन शासकीय सेवा में करियर बनाना चाहते हैं।
वहीं, मीडिया से जुड़े पत्रकारों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि इस तरह की पहलें ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन सकती हैं।
यह प्रोग्राम न सिर्फ शिक्षा को बढ़ावा देता है, बल्कि स्थानीय युवाओं को स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है।