एमपी बोर्ड रिजल्ट 2025: प्रज्ञा जायसवाल और प्रियल द्विवेदी बनीं टॉपर, 10वीं और 12वीं के नतीजे ऐतिहासिक रूप से बेहतर

एमपी बोर्ड 10वीं और 12वीं का रिजल्ट 2025 जारी हो चुका है। इस बार छात्रों का प्रदर्शन बीते सालों की तुलना में शानदार रहा है। टॉपर लिस्ट में सिंगरौली और सतना की छात्राओं ने बाजी मारी है।

एमपी बोर्ड रिजल्ट 2025: प्रज्ञा जायसवाल और प्रियल द्विवेदी बनीं टॉपर, 10वीं और 12वीं के नतीजे ऐतिहासिक रूप से बेहतर

मध्य प्रदेश बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (MPBSE) ने 10वीं और 12वीं कक्षा के नतीजे घोषित कर दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में रिजल्ट जारी करते हुए बताया कि इस बार का परीक्षा परिणाम पिछले वर्षों की तुलना में काफी बेहतर रहा है।

एमपी बोर्ड कक्षा 10वीं में इस वर्ष 76.42 फीसदी छात्र पास हुए हैं, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 58.10 फीसदी था। वहीं, 12वीं कक्षा में इस बार 74.48 फीसदी विद्यार्थियों ने सफलता पाई, जबकि पिछले वर्ष यह प्रतिशत 64.48 था।

इस वर्ष की टॉपर लिस्ट में बेटियों का दबदबा रहा। कक्षा 10वीं में सिंगरौली की प्रज्ञा जायसवाल ने कमाल करते हुए 500 में से पूरे 500 अंक प्राप्त कर टॉप किया। वहीं, 12वीं में सतना की प्रियल द्विवेदी ने 500 में से 492 अंक प्राप्त कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया।

सीएम डॉ. मोहन यादव ने यह भी घोषणा की कि जो छात्र इस बार असफल हुए हैं, उनका साल खराब नहीं होगा। उन्हें 17 जून से शुरू होने वाली पूरक परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा। विद्यार्थी जिन विषयों में फेल हुए हैं, केवल उन्हीं में परीक्षा दे सकेंगे।

इसके अलावा, जो छात्र पास हो चुके हैं, लेकिन अपने अंकों को सुधारना चाहते हैं, वे भी श्रेणी सुधार परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। रिजल्ट देखने के लिए छात्र एमपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट mpbse.mponline.gov.in, mpresults.nic.in या MPBSE मोबाइल ऐप का उपयोग कर सकते हैं।