प्रधानमंत्री डायलिसिस योजना: अब नहीं उठाना पड़ेगा भारी खर्च
प्रधानमंत्री नेशनल डायलिसिस योजना के तहत गरीब मरीजों को सरकारी अस्पतालों में मुफ्त डायलिसिस मिल रही है, जिससे उन्हें आर्थिक राहत और समय पर इलाज मिल रहा है।
प्रधानमंत्री नेशनल डायलिसिस योजना गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए जीवनदान बन चुकी है। इस योजना के अंतर्गत अब किडनी से पीड़ित मरीजों को सरकारी अस्पतालों में बिल्कुल मुफ्त डायलिसिस की सुविधा मिल रही है। इससे उन्हें महंगे निजी अस्पतालों में होने वाले हजारों रुपये के खर्च से छुटकारा मिल गया है।
पहले मरीजों को एक सत्र के लिए 5 से 6 हजार रुपये खर्च करने पड़ते थे, लेकिन अब वही सेवा सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क मिल रही है। यह सुविधा खासकर बीपीएल श्रेणी के मरीजों के लिए एक बड़ी राहत साबित हो रही है।
डायलिसिस करा रहे मरीजों के अनुभव
पटना निवासी विकास रंजन ने बताया, “मैं पहले एक निजी अस्पताल में डायलिसिस करवाता था, जिससे हर बार काफी पैसा खर्च होता था। अब मुझे यह सुविधा निःशुल्क मिल रही है, इसके लिए मैं प्रधानमंत्री जी का धन्यवाद करता हूँ।”
दिल्ली से लौटे रंजीत कुमार राणा ने कहा, “दिल्ली में इलाज कराना बहुत महंगा था, लेकिन अब सदर अस्पताल में मुझे मुफ्त डायलिसिस मिल रहा है। मैं इस योजना के लिए बहुत आभारी हूँ।”
स्टाफ की राय
नर्सिंग स्टाफ मुरारी कुमार ने बताया कि अब हर महीने लगभग 300 मरीज इस योजना का लाभ उठा रहे हैं। पहले इन मरीजों को बाहर जाना पड़ता था और इलाज बहुत महंगा होता था। अब यह सुविधा न केवल उनके खर्च को कम कर रही है, बल्कि उन्हें समय पर इलाज भी मिल रहा है।
यह योजना न केवल गरीबों का आर्थिक बोझ हल्का कर रही है, बल्कि देश में स्वास्थ्य सेवाओं की सुलभता और समानता को भी बढ़ावा दे रही है। इस पहल के जरिए मरीजों को न सिर्फ बेहतर इलाज मिल रहा है, बल्कि जीवन के प्रति नई उम्मीद भी जागी है।