रोहतास : मां-बेटी हत्याकांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

रोहतास में फर्जी नाम से शादी कर युवक ने सास और साली की हत्या की, एक साली घायल। पुलिस ने आरोपी को नोएडा से गिरफ्तार किया, जल्द होगी स्पीडी ट्रायल।

रोहतास : मां-बेटी हत्याकांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

रोहतास पुलिस ने 30 मई को हुए मां-बेटी हत्याकांड का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को उत्तर प्रदेश के नोएडा से गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला नोखा थाना क्षेत्र के लेवरा गांव का है, जहां आरोपी नाजिम हुसैन उर्फ रवि चौधरी ने अपनी सास संतरा देवी और साली रूपाली कुमारी की धारदार हथियार से हत्या कर दी थी, जबकि एक अन्य साली अमृता गंभीर रूप से घायल हो गई थी।

 एसपी रौशन कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि सारण जिले का रहने वाला नाजिम हुसैन ने हिंदू नाम "रवि चौधरी" अपनाकर संतरा देवी की तीसरी बेटी से शादी की थी। वह उसे नोएडा ले गया, जबकि पहले से ही उसकी शादी हो चुकी थी। आरोपी ने अपनी साली रूपाली को भी नोएडा ले जाकर तीन वर्षों तक अपने साथ रखा। हाल ही में रूपाली अपने गांव लौट आई थी, जिससे नाराज होकर नाजिम 30 मई को लेवरा गांव आया और खेत में काम कर रही रूपाली की चाकू से हत्या कर दी।

घटना के समय रूपाली की छोटी बहन अमृता खाना लेकर खेत में पहुंची तो आरोपी ने उस पर भी हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसी दौरान मां संतरा देवी मौके पर पहुंचीं, जिनकी भी नाजिम ने ईंट और धारदार हथियार से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार होकर ट्रेन से नोएडा चला गया।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया और तकनीकी निगरानी के आधार पर नाजिम को नोएडा से गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाया जाएगा, ताकि उसे जल्द से जल्द कठोर सजा मिल सके।