छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज: अगले दो दिनों तक हल्की बारिश के आसार, ठंड लौटने की संभावना
छत्तीसगढ़ में मौसम ने करवट बदल ली है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश में अगले दो दिनों तक गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
छत्तीसगढ़ में मौसम ने करवट बदल ली है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश में अगले दो दिनों तक गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। हालांकि, इसके बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड फिर से लौटने के आसार हैं।
बीते गुरुवार को प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई थी। आज शुक्रवार को उत्तर और पूर्वी छत्तीसगढ़ के हिस्सों में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आगामी 48 घंटों तक मौसम में विशेष परिवर्तन नहीं होगा। इसके बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री और अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, 20 फरवरी को उत्तर-पूर्वी और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं। वहीं, 21 और 22 फरवरी को दक्षिणी छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस बीच प्रदेशवासियों को दिन में तेज धूप से राहत मिलेगी और ठंडक का असर महसूस होने लगेगा।