भोपाल की महिलाओं ने बदली सोच: पीएम मोदी ने की 'सकारात्मक सोच' संगठन की सराहना
प्रधानमंत्री मोदी ने 'मन की बात' में भोपाल की महिला टीम 'सकारात्मक सोच' की सराहना की, जो सफाई और जागरूकता से समाज की सोच बदल रही है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' में भोपाल की महिलाओं के संगठन सकारात्मक सोच की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस संगठन की लगभग 200 महिलाएं न केवल सफाई करती हैं, बल्कि समाज की सोच को भी बदलने का कार्य कर रही हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि ये महिलाएं मिलकर भोपाल के 17 पार्कों की सफाई करती हैं और प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के लिए कपड़े के थैले भी बांटती हैं। उनके हर कार्य में एक गहरा सामाजिक संदेश छिपा होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे संगठनों की जागरूकता और मेहनत के कारण ही भोपाल स्वच्छ सर्वेक्षण में देश के अग्रणी शहरों में शामिल हो गया है।
प्रधानमंत्री की इस सराहना पर सकारात्मक सोच संगठन की सदस्य सोनाली देशपांडे ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “हम सभी महिलाओं के लिए यह बहुत गर्व की बात है कि देश के प्रधानमंत्री ने हमारे छोटे-छोटे प्रयासों को पहचाना और पूरे देश के सामने उसका ज़िक्र किया।”
उन्होंने आगे कहा कि इस मान्यता से संगठन की सभी सदस्य और अधिक प्रेरित हुई हैं और अब वे और भी बड़े स्तर पर काम करने के लिए उत्साहित हैं।