71वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में शाहरुख, विक्रांत और रानी को मिला बड़ा सम्मान

71वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में शाहरुख खान को 'जवान' के लिए पहली बार सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का सम्मान मिला। विक्रांत मैसी और रानी मुखर्जी को भी बड़ी जीत मिली।

71वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में शाहरुख, विक्रांत और रानी को मिला बड़ा सम्मान

दिल्ली के नेशनल मीडिया सेंटर में शुक्रवार को 71वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स की घोषणा जूरी चेयरमैन और मशहूर फिल्म निर्माता आशुतोष गोवारिकर ने की। यह अवॉर्ड्स वर्ष 2023 में रिलीज हुई फिल्मों को विभिन्न श्रेणियों में प्रदान किए गए।

इस बार बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान को उनके 33 साल लंबे करियर में पहली बार नेशनल फिल्म अवॉर्ड में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का सम्मान मिला। उन्हें यह अवॉर्ड उनकी ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘जवान’ के लिए दिया गया। उनके साथ अभिनेता विक्रांत मैसी को भी फिल्म ‘12वीं फेल’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला। वहीं, रानी मुखर्जी को फिल्म ‘मिसेज चटर्जी वर्सेज नॉर्वे’ में उनके दमदार अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का खिताब मिला।

सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का अवॉर्ड ‘12वीं फेल’ को मिला, जबकि सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म के तौर पर ‘कटहल’ को चुना गया। सुदीप्तो सेन को फिल्म ‘द केरला स्टोरी’ के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार मिला। इसी फिल्म के लिए प्रशांतनु मोहपात्रा को सर्वश्रेष्ठ सिनेमेटोग्राफी का अवॉर्ड मिला।

संगीत श्रेणी में शिल्पा राव को ‘जवान’ और पीवीएन एस. रोहित को तेलुगू फिल्म ‘बेबी’ के लिए सर्वश्रेष्ठ गायिका का पुरस्कार मिला।

बच्चों की सर्वश्रेष्ठ फिल्म का सम्मान मराठी फिल्म ‘नाल 2’ को मिला। सर्वश्रेष्ठ स्टंट कोरियोग्राफी का अवॉर्ड ‘हनु-मैन’ के लिए नंदू और प्रुध्वी को मिला। ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ के गाने ‘ढिंढोरा बाजे रे’ के लिए वैभवी मर्चेंट को सर्वश्रेष्ठ कोरियोग्राफी का पुरस्कार मिला।

तेलुगू फिल्म ‘बलगम’ के लिए कासरला श्याम को सर्वश्रेष्ठ गीतकार, और फिल्म ‘एनिमल’ व ‘वाथी’ के लिए क्रमशः हर्षवर्धन रामेश्वर और वी प्रकाश को संगीत निर्देशन के लिए सम्मानित किया गया।

सैम बहादुर फिल्म के लिए श्रीकांत देसाई को सर्वश्रेष्ठ मेकअप आर्टिस्ट, और सचिन लावेलकर, दिव्या गंभीर, निधि गंभीर को कॉस्ट्यूम डिजाइनर के रूप में पुरस्कार मिला।

प्रोडक्शन डिजाइन का सम्मान फिल्म ‘2018- एवरीवन इज हीरो’ के लिए मोहनदास, और एडिटिंग के लिए मलयालम फिल्म ‘पोक्कोलम’ के मिधुन मुरली को दिया गया।

फिल्म ‘एनिमल’ को साउंड डिजाइन, तेलुगू फिल्म ‘बेबी’ को स्क्रीनप्ले, और फिल्म ‘सिर्फ एक बंदा काफी है’ के लिए दीपक किंगरानी को डायलॉग राइटर का पुरस्कार मिला।

सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का अवॉर्ड मलयालम फिल्म ‘उल्लोजुकु’ के लिए उर्वशी, और सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का सम्मान फिल्म ‘पोक्कोलम’ के लिए विजयरावर्घवन को मिला।

एनिमेशन फिल्म कैटेगरी में ‘हनु-मैन’, और सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म के रूप में ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ को सम्मानित किया गया। ‘सैम बहादुर’ को सामाजिक और राष्ट्रीय मूल्यों को बढ़ावा देने वाली फिल्म के तौर पर सम्मान मिला।