Agra University: परीक्षा परिणाम जल्दी देने के लिए की गई थी नई व्यवस्था, वो भी हो गई फेल

आगरा विवि प्रशासन अब बिना आंतरिक मूल्यांकन अंक के ही परीक्षा फाॅर्म भरवा रहा है।

Agra University: परीक्षा परिणाम जल्दी देने के लिए की गई थी नई व्यवस्था, वो भी हो गई फेल

आगरा विवि प्रशासन अब बिना आंतरिक मूल्यांकन अंक के ही परीक्षा फाॅर्म भरवा रहा है।

डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की जल्दी परीक्षा परिणाम देने की एक और व्यवस्था फेल हो गई। अब राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत स्नातक और परास्नातक के विषम सेमेस्टर की परीक्षाओं के फाॅर्म बिना आंतरिक मूल्यांकन के अंक के भरे जाने लगे हैं। इस बार नई व्यवस्था बनाई गई थी कि पहले आंतरिक मूल्यांकन के अंक अपलोड करने होंगे, इसके बाद ही परीक्षा फाॅर्म भरे जा सकेंगे। अधिकतर कॉलेजों ने अभी तक आंतरिक मूल्यांकन नहीं कराया।

गत कई परीक्षाओं से देखा जा रहा है कि विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षाओं के परिणाम आंतरिक मूल्यांकन के अंक उपलब्ध न होने की वजह से लटके रहते हैं। कॉलेज देर से आंतरिक मूल्यांकन के अंक भेजते हैं। जबकि आंतरिक मूल्यांकन मध्य सेमेस्टर में ही कराना होता है। सेमेस्टर खत्म होने के बाद भी अंक नहीं भेजे जाते।