बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की अधिसूचना जारी, 20 जिलों की 122 सीटों पर नामांकन शुरू

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण की अधिसूचना जारी हो गई है। 20 जिलों की 122 सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मतदान 11 नवंबर को होगा, जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।

बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की अधिसूचना जारी, 20 जिलों की 122 सीटों पर नामांकन शुरू

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण की अधिसूचना आज जारी कर दी गई है। इसके साथ ही 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। दूसरे चरण के लिए नामांकन भरने की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर तय की गई है। नामांकन पत्रों की जांच 21 अक्टूबर को होगी, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर रखी गई है। इस चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा। उम्मीदवार सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे।

निर्वाचन आयोग ने नामांकन केंद्रों पर सख्त सुरक्षा व्यवस्था की है। इस बार बिहार विधानसभा की कुल 243 सीटों के लिए दो चरणों में मतदान कराया जा रहा है और दोनों चरणों की मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।

दूसरे चरण में मतदान पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार जिलों में होगा। इसके अलावा भागलपुर, बांका, जमुई, नवादा, गया, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, कैमूर और रोहतास जिलों में भी मतदाता अपने वोट का अधिकार प्रयोग करेंगे।

कुल मिलाकर 7.42 करोड़ मतदाता इस बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनकी निगाहें राज्य की नई सरकार के गठन पर टिकी हैं।