सासाराम में एनडीए की विशाल आशीर्वाद जनसभा, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लालू राज पर बोला तीखा हमला

सासाराम में बिहार चुनाव 2025 को लेकर एनडीए की विशाल आशीर्वाद जनसभा हुई। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लालू राज पर तीखा हमला करते हुए एनडीए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।

सासाराम में एनडीए की विशाल आशीर्वाद जनसभा, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लालू राज पर बोला तीखा हमला

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनज़र सासाराम के फैजलगंज न्यू स्टेडियम में एनडीए प्रत्याशियों के नामांकन के उपलक्ष्य में एक विशाल आशीर्वाद जनसभा का आयोजन किया गया। इस जनसभा में एनडीए कार्यकर्ताओं और समर्थकों का भारी जनसैलाब उमड़ा, जिसने पूरे जिले में चुनावी माहौल को गरमा दिया।

जनसभा को संबोधित करते हुए बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विपक्ष, विशेष रूप से लालू प्रसाद यादव के शासनकाल पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि “लालू राज में बिहार लूट का अड्डा था, जहां चारा और अलकतरा जैसे बड़े घोटाले होते थे और अपहरण उद्योग चरम पर था।”

सम्राट चौधरी ने कहा कि आज बिहार बदल चुका है। एनडीए सरकार ने सड़क, बिजली, रोजगार और सुरक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि एनडीए का अगला लक्ष्य बिहार को देश का अग्रणी इंडस्ट्री हब बनाना है।

उन्होंने मंच से जनता से अपील की कि वे एनडीए प्रत्याशियों को भारी बहुमत से विजयी बनाएं, ताकि बिहार में विकास और सुशासन की यात्रा निरंतर जारी रह सके।

इस अवसर पर राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा सहित एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मंच पर उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने कार्यकर्ताओं में उत्साह और एकता का संकल्प जगाया।