बिहार में 769 करोड़ की 1300 शहरी योजनाओं का शिलान्यास, नीतीश कुमार ने किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना में बुडको द्वारा संचालित 1300 शहरी योजनाओं का शिलान्यास किया। 769 करोड़ की लागत से सड़क, नाला, पार्क और लाइट सहित नागरिक सुविधाओं का विकास होगा।

बिहार में 769 करोड़ की 1300 शहरी योजनाओं का शिलान्यास, नीतीश कुमार ने किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को राजधानी पटना स्थित मौर्य लोक परिसर में बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड (बुडको) द्वारा संचालित 1300 शहरी योजनाओं का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं की कुल लागत लगभग 769 करोड़ 63 लाख रुपये है और इनका क्रियान्वयन राज्य के 33 जिलों में किया जाएगा।

इन योजनाओं में सड़क निर्माण और सुधार, नाला निर्माण, पार्कों का विकास, हाईमास्ट लाइट की स्थापना सहित कई बुनियादी नागरिक सुविधाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से न केवल शहरी इलाकों का सौंदर्यीकरण और आधुनिकीकरण होगा, बल्कि आवागमन, स्वच्छता और नागरिक जीवन की गुणवत्ता में भी बड़ा सुधार आएगा।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस अवसर पर कहा कि यह पहल राज्य सरकार की ‘सबके विकास’ की प्रतिबद्धता का हिस्सा है। इन योजनाओं के पूरा होने से बिहार का आधारभूत ढांचा और मजबूत होगा तथा आम जनता को अधिक सुविधाजनक और स्वच्छ जीवन का लाभ मिलेगा।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने "स्वच्छता ही सेवा 2025 – पटवारा" अभियान के तहत पटना नगर निगम द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भी शिरकत की। उन्होंने सफाई कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए और सफाई एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने स्वच्छता अभियान में योगदान देने वाले कर्मियों की सराहना की और सभी नागरिकों से स्वच्छ बिहार निर्माण में सक्रिय सहयोग की अपील की।