पटना में यादव महासभा सम्मेलन में बोले सीएम मोहन यादव, अयोध्या और मथुरा को लेकर दिया बड़ा बयान
पटना में आयोजित अखिल भारतीय यादव महासभा सम्मेलन में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अयोध्या, मथुरा और लोकतंत्र की ताकत पर महत्वपूर्ण बयान दिए।
पटना में आयोजित अखिल भारतीय यादव महासभा (अहीर), बिहार इकाई के सम्मेलन में रविवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक विषयों पर अपने विचार रखे और कई महत्वपूर्ण बयान दिए।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण का सपना पूरा हुआ है। उन्होंने कहा, “सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अयोध्या में श्रीराम मुस्कुरा रहे हैं। अब मथुरा में कृष्ण कन्हैया ने क्या बिगाड़ा है? उन्हें भी मुस्कुराने का अवसर मिलेगा। मोदी जी के नेतृत्व में अदालत के आदेश के अनुसार आगे भी सब कुछ संभव है।”
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में आस्था और संवैधानिक प्रक्रिया दोनों का सम्मान होता है और सरकार जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करती है।
अपने जीवन संघर्ष को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वह साधारण परिवार से आते हैं और उनके परिवार में न कोई विधायक रहा और न सांसद, लेकिन आज वह मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच और ‘सबका साथ, सबका विकास’ की नीति का परिणाम है।
उन्होंने इसे लोकतंत्र की असली ताकत बताते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व ने हर मेहनतकश कार्यकर्ता को यह विश्वास दिया है कि मेहनत और ईमानदारी से कोई भी देश की राजनीति में ऊंचाई तक पहुंच सकता है।