तिरंगा हमारी एकता और बलिदान का प्रतीक: सीएम विष्णु देव साय

रायपुर में स्वतंत्रता दौड़ में शामिल होकर सीएम विष्णु देव साय ने तिरंगे को एकता, अखंडता और बलिदान का प्रतीक बताया। उन्होंने विकसित, समृद्ध और सशक्त छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प दोहराया।

तिरंगा हमारी एकता और बलिदान का प्रतीक: सीएम विष्णु देव साय

राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव में आयोजित स्वतंत्रता दौड़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भाग लेकर युवाओं में जोश भर दिया। हजारों युवाओं के साथ दौड़ते हुए उन्होंने भारत माता और अमर बलिदानी रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा पूर्वजों के संघर्ष और बलिदान का जीवंत प्रतीक है, जिसमें करोड़ों भारतीयों की आकांक्षाएं समाई हैं। यह हमारी वीरता, शांति और समृद्धि का अमिट प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर हर वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरा देश तिरंगामय हो जाता है। तिरंगा यात्राएं और हर-घर तिरंगा अभियान ने इस दिन को जन-जन से जोड़ दिया है।

सीएम साय ने कहा, “यह तिरंगा यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी एकता, अखंडता और राष्ट्रीय गौरव का जीवंत प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस हमें याद दिलाता है कि आज़ादी अनगिनत बलिदानों की अमूल्य देन है। लाखों-करोड़ों देशभक्तों ने अपने प्राण न्योछावर किए, तब जाकर हमें यह स्वतंत्रता मिली।”

उन्होंने बचपन के स्वतंत्रता दिवस समारोहों की याद साझा करते हुए कहा कि वही गर्व आज भी दिल में है। सीएम ने कहा कि अब हमारा कर्तव्य है कि देश और प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएं। वर्ष 2047 तक के लिए तैयार विकसित छत्तीसगढ़ विज़न डॉक्यूमेंट के अनुरूप सरकार काम कर रही है और यह हम सभी का साझा संकल्प है।

इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता दौड़ आज़ादी के लिए हुए संघर्ष का प्रतिसाद है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित, स्वच्छ, स्वस्थ और श्रेष्ठ भारत के विजन और मुख्यमंत्री के विकसित, समृद्धशाली छत्तीसगढ़ के सपने को साकार करने के लिए सबको योगदान देने का संकल्प लेने की अपील की।

कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, गुरु खुशवंत साहेब, अनुज शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार मौजूद रहे।