फिरोजाबाद में राष्ट्रीय एकता दिवस पर यूनिटी मार्च, मंत्री जयवीर सिंह ने दिलाई शपथ
फिरोजाबाद में सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। मंत्री जयवीर सिंह ने यूनिटी मार्च में एकता की शपथ दिलाई और स्वदेशी पर जोर दिया।
फिरोजाबाद जिले में शुक्रवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर गांधी पार्क में राष्ट्रीय एकता दिवस के तहत यूनिटी मार्च का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के पर्यटन मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मंत्री जयवीर सिंह ने इस मौके पर पुलिस प्रशासन, अधिकारियों, स्कूली छात्रों और नगरवासियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से स्वदेशी उत्पादों के उपयोग का संकल्प कराने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि सरदार पटेल का देश की एकता और अखंडता में अमूल्य योगदान रहा है। उन्होंने देशवासियों से अपील की कि हमें उनके आदर्शों पर चलकर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग बढ़ाना चाहिए।
जयवीर सिंह ने कहा कि आज जब भारत विश्व मंच पर नई ऊँचाइयाँ छू रहा है, तब हमें आत्मनिर्भरता और एकता के मूल सिद्धांतों को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने भारत को एक सूत्र में बाँधने का जो कार्य किया, वह सदैव प्रेरणादायक रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छठ पूजा को ‘नौटंकी’ कहने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “राहुल गांधी की कोई भी बात गंभीरता से नहीं ली जाती। वे सिर्फ बयानबाज़ी और सुर्खियाँ बटोरने के लिए ऐसे शब्दों का प्रयोग करते हैं।”
मंत्री ने आगे कहा कि देश की जनता अब ऐसे नकारात्मक और असंवेदनशील बयानों पर ध्यान नहीं देती। उन्होंने ओवैसी के बयान पर टिप्पणी करते हुए कहा, “भारत की राजनीति अब धर्म या संप्रदाय के आधार पर नहीं चलेगी। जनता अब केवल एकता, विकास और अखंडता चाहती है।”
जयवीर सिंह ने विश्वास जताया कि सरदार पटेल के आदर्शों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, एकता और प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा।