बरेली हिंसा: मौलाना तौकीर रजा के करीबी पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, अवैध मार्केट पर चला बुलडोज़र
बरेली हिंसा के बाद प्रशासन का एक्शन जारी। मौलाना तौकीर रजा के करीबी मोहम्मद आरिफ की अवैध मार्केट और शोरूम पर बीडीए ने बुलडोज़र चलाया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में धारा 144 लागू।
बरेली हिंसा के बाद प्रशासन की कड़ी कार्रवाई लगातार जारी है। शनिवार को बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने हिंसा के मुख्य आरोपी मौलाना तौकीर रजा के करीबी मोहम्मद आरिफ की अवैध रूप से निर्मित दुकानों और मार्केट पर बड़ी कार्रवाई की।
पीलीभीत बाईपास रोड और जगतपुर में बने आरिफ के दो मंज़िला मार्केट और शोरूम पर प्रशासन ने बुलडोज़र चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई से पहले बारादरी थाना पुलिस ने पूरे क्षेत्र को चारों तरफ से घेर लिया था। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए भारी पुलिस बल भी तैनात रहा।
जांच में सामने आया कि आरिफ ने इन परिसरों का निर्माण बिना नक्शा स्वीकृत कराए किया था। पूरे परिसर में जिम, होम डेकोर सेंटर और कई अन्य दुकानों का संचालन चल रहा था। बीडीए ने नियमों के विपरीत निर्माण पाए जाने पर 11 अक्टूबर को दोनों परिसरों को सील कर दिया था। शनिवार को बीडीए टीम ने एक दर्जन से अधिक दुकानों और दो बड़े शोरूम पर बुलडोज़र चलाकर निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में धारा 144 लागू कर दी गई। अधिकारियों का कहना है कि यह एक्शन केवल अवैध और मानकों के विरुद्ध बने निर्माणों पर ही किया जा रहा है।
26 सितंबर को जुमे की नमाज़ के बाद ‘आई लव मोहम्मद’ अभियान के दौरान क्षेत्र में हिंसा भड़क गई थी, जिसमें पुलिस बल पर कथित तौर पर पत्थर और तेजाब की बोतलों से हमला किया गया था। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि हिंसा में शामिल लोगों की अवैध संपत्तियों पर आगे भी इसी प्रकार कार्रवाई जारी रहेगी।