गुना में सीपीआर प्रशिक्षण सप्ताह की शुरुआत, हृदय विशेषज्ञों ने दी जीवन रक्षक तकनीक की जानकारी

गुना जिला चिकित्सालय में भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी के निर्देशन में सीपीआर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। हृदय विशेषज्ञों ने सीपीआर तकनीक का प्रदर्शन किया और लोगों को जीवन रक्षक उपायों की जानकारी दी।

गुना में सीपीआर प्रशिक्षण सप्ताह की शुरुआत, हृदय विशेषज्ञों ने दी जीवन रक्षक तकनीक की जानकारी

भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी गुना के अध्यक्ष एवं कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन में सोमवार को सीपीआर सप्ताह के अंतर्गत कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) कार्यशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन जिला चिकित्सालय स्थित रेडक्रॉस भवन में किया गया।

कार्यक्रम में डॉ. लखन धाकड़, डॉ. आर.एस. राजपूत सहित अन्य हृदय विशेषज्ञों ने सिम्युलेटर (पुतले) पर सीपीआर देने का प्रदर्शन किया। प्रशिक्षण में उपस्थित इच्छुक लोगों को अभ्यास कराया गया और उनके प्रश्नों के उत्तर दिए गए।

मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार ने जिलेवासियों से सीपीआर प्रशिक्षण लेने की अपील की और उपस्थित जनों को जीवन रक्षक तकनीक को अपनाने की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. लखन धाकड़ ने बताया कि देशभर में कार्डियक अरेस्ट से मौतों के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा, “कई बार अचानक हार्ट अटैक से व्यक्ति की जान चली जाती है, लेकिन सही समय पर सीपीआर देकर किसी की जिंदगी बचाई जा सकती है।” उन्होंने यह भी बताया कि यूजीसी ने विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में सीपीआर प्रशिक्षण को अनिवार्य कर दिया है।

डॉ. रामवीर सिंह रघुवंशी ने जानकारी दी कि ‘एक जीवन बचाएं’ अभियान के तहत 13 से 17 अक्टूबर तक जिलेभर में जनजागरूकता और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं 18 अक्टूबर को विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से बड़े पैमाने पर प्रशिक्षण कार्यक्रम होगा।

इस दौरान रेडक्रॉस भवन, स्कूल, कॉलेज और सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी व्याख्यान, जीवन रक्षक तकनीक (सीपीआर – कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) का डेमो और इसके महत्व पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम में डॉ. पी. बुनकर, आर.एम.ओ. आनंद शर्मा, चंद्रेश जैन, ओमकार कॉलेज के नर्सिंग छात्र और प्रधानमंत्री कौशल केंद्र के प्रशिक्षणार्थी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।