Hathras Stampede: न्यायिक जांच आयोग की टीम हाथरस पहुंची, अधिकारियों के साथ चल रही बैठक
एसआईटी के बाद अब न्यायिक जांच आयोग की टीम हाथरस हादसे की जांच करने पुलिस लाइन पहुंच गई है। टीम ने पहुंचते ही पुलिस-प्रशासिनक व अन्य अधिकारियों के साथ बैठक शुरू कर दी है।
एसआईटी के बाद अब न्यायिक जांच आयोग की टीम हाथरस हादसे की जांच करने पुलिस लाइन पहुंच गई है। टीम ने पहुंचते ही पुलिस-प्रशासिनक व अन्य अधिकारियों के साथ बैठक शुरू कर दी है।
2 जुलाई को हाथरस जनपद में सिकंदराराऊ के फुलरई-मुगलगढ़ी में साकार हरि बाबा के सत्संग उपरांत हुए हादसे की जांच के लिए न्यायिक जांच आयोग की टीम 12 बजे के लगभग हाथरस की पुलिस लाइन पहुंच गई है। न्यायिक जांच आयोग की टीम में इलाहाबाद हाईकोर्ट के रिटायर्ड न्यायाधीश बृजेश कुमार श्रीवास्तव, पूर्व आईएएस हेमंत राव और पूर्व आईपीएस भवेश कुमार सिंह हैं।
पुलिस लाइन पहुंचते ही आयोग की टीम ने पुलिस-प्रशासनिक व अन्य अधिकारियों के साथ बैठक में हादसे पर जांच शुरू कर दी है। बैठक में हाथरस डीएम, एसपी, सीएमओ, एडीएम, एसडीएम, एडीजी, एलआईयू आदि मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि आयोग की टीम बैठक के बाद दोपहर एक बजे घटना स्थल फुलरई मुगलगढ़ी के लिए रवाना होगी। दोपहर दो बजे से चार बजे तक घटना स्थल का निरीक्षण करेंगे। शाम छह बजे से आठ बजे के मध्य अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन, मंडलायुक्त अलीगढ़ , पुलिस महानिरीक्षक अलीगढ़ सहित अन्य अफसरों से मुलाकात व अभिलेखों का अवलोकन करेंगे। 7 जुलाई को सुबह 9 बजे से दोपहर एक बजे तक जन सामान्य से मुलाकात की जाएगी।