प्रधानमंत्री मोदी ने नमो ऐप पर लिखा आलेख, दिवंगत भाजपा नेता वी.के. मल्होत्रा को दी श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा के वरिष्ठ नेता वी.के. मल्होत्रा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नमो ऐप पर एक आलेख लिखा। उन्होंने उनके जनसेवा, राजनीति और खेल जगत में योगदान को याद किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने नमो ऐप पर लिखा आलेख, दिवंगत भाजपा नेता वी.के. मल्होत्रा को दी श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा के वरिष्ठ नेता और संगठन के पुराने स्तंभ वी.के. मल्होत्रा को श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने नमो ऐप पर एक विशेष आलेख लिखकर मल्होत्रा जी के योगदान को याद किया और उनके जीवन से मिली प्रेरणाओं को साझा किया। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स (X) पर इस आलेख का लिंक भी साझा किया।

प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा, “मैंने वी.के. मल्होत्रा जी के जीवन, उनके जनहित के कार्यों और पार्टी की श्रेष्ठ परंपराओं के प्रतीक के रूप में उनके योगदान पर अपने कुछ विचार साझा किए हैं।”

आलेख में प्रधानमंत्री ने लिखा कि वी.के. मल्होत्रा ने राजनीति और संसद से लेकर जनसेवा और खेल जगत तक, हर क्षेत्र में अपनी एक अमिट छाप छोड़ी। उन्होंने अपने जीवन में अनेक उपलब्धियाँ हासिल कीं और सामाजिक कार्यों को अपना जीवन उद्देश्य बना लिया।

प्रधानमंत्री ने उल्लेख किया कि मल्होत्रा जी ने पाकिस्तान से विस्थापित हजारों परिवारों की मदद की, जिन्होंने सब कुछ खो दिया था। उन्होंने इन परिवारों को दोबारा जीवन की राह पर खड़ा करने में अहम भूमिका निभाई — यही जनसंघ की प्रेरणा और सेवा भावना थी।

आलेख में प्रधानमंत्री ने याद किया कि दिल्ली में जनसंघ ने शानदार जीत दर्ज की थी, जिसके बाद एल.के. आडवाणी जी को काउंसिल का चेयरमैन और वी.के. मल्होत्रा जी को चीफ एग्जीक्यूटिव काउंसलर बनाया गया — जो मुख्यमंत्री के लगभग बराबर का पद था।

प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा कि 1960 के दशक में गौ रक्षा आंदोलन में भी वी.के. मल्होत्रा ने सक्रिय भूमिका निभाई थी। धीरे-धीरे वे सार्वजनिक जीवन के एक स्थायी और आदरणीय चेहरा बन गए।

प्रधानमंत्री ने अपने आलेख के माध्यम से मल्होत्रा जी के समर्पित जीवन, सादगी और जनसेवा की भावना को राष्ट्र के लिए एक प्रेरणास्रोत बताया।