नेपाल में उग्र प्रदर्शन, सोनौली बॉर्डर पर कस्टम कार्यालय में आगजनी
नेपाल में उग्र प्रदर्शनकारियों ने सोनौली बॉर्डर स्थित नेपाली कस्टम कार्यालय को आग के हवाले कर दिया। स्थिति संभालने के लिए डीएम, एसपी, SSB और पुलिस अलर्ट मोड पर तैनात हैं।
महराजगंज: भारत-नेपाल सीमा के सोनौली बॉर्डर पर हालात तनावपूर्ण हो गए जब नेपाली युवाओं के उग्र विरोध प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया। प्रदर्शनकारियों ने यहां स्थित नेपाली कस्टम कार्यालय को आग के हवाले कर दिया, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।
आगजनी की सूचना मिलते ही सीमा सुरक्षा में तैनात एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) और स्थानीय पुलिस अलर्ट हो गई। वहीं, हालात की गंभीरता को देखते हुए महराजगंज के डीएम और एसपी भी मौके पर पहुंचे और देर रात तक बॉर्डर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
नेपाल में जारी विरोध प्रदर्शनों के कारण भारत-नेपाल सीमा पर लगातार तनाव बना हुआ है। सोनौली बॉर्डर पर इस घटना के बाद सुरक्षा बलों की तैनाती और कड़ी कर दी गई है ताकि हालात काबू में रखे जा सकें और सीमा पर किसी अप्रिय घटना को टाला जा सके।