यूपी का ये शहर होगा शिवमय: महाशिवरात्रि से पहले आकार लेने लगेगा नव्य, भव्य और दिव्य नाथ कॉरिडोर

महाशिवरात्रि पर शहर को शिवमय बनाने की तैयारी कर रहा बीडीए

यूपी का ये शहर होगा शिवमय: महाशिवरात्रि से पहले आकार लेने लगेगा नव्य, भव्य और दिव्य नाथ कॉरिडोर

महाशिवरात्रि पर शहर को शिवमय बनाने की तैयारी कर रहा बीडीए

महाशिवरात्रि से पहले बरेली शहर शिवमय हो जाएगा। नव्य, भव्य और दिव्य नाथ कॉरिडोर आकार लेने लगेगा। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) जल्द ही अवस्थापना निधि से नाथ कॉरिडोर के कई काम शुरू कराएगा। शहर के प्रमुख चौराहों पर द्वार बनाने और शिव के प्रतीक चिह्न डमरू, त्रिशूल, नटराज, नंदी, त्रिपुंड आदि के यूनिपोल लगाने का काम महाशिवरात्रि से पहले पूरा कर लिया जाएगा। बीडीए महाशिवरात्रि पर शहर को शिवमय बनाने की तैयारी कर रहा है।

नाथ कॉरिडोर बड़ा प्रोजेक्ट है। इसके पूरा होने में समय भी लगेगा। पिछले दिनों मुख्यमंत्री ने बरेली दौरे के दौरान कॉरिडोर के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए थे। सरकार की योजना है कि इस वर्ष महाशिवरात्रि से ही लोगों को नाथ कॉरिडोर की भव्यता का अहसास होने लगे। बीडीए ने इसके लिए काम शुरू कर दिया है। 

शहरभर में लगेंगे शिव के शुभ प्रतीक चिह्न
अलखनाथ, मढ़ीनाथ, तपेश्वरनाथ, धोपेश्वरनाथ, त्रिवटीनाथ, बनखंडीनाथ और पशुपतिनाथ मंदिरों के आसपास द्वार बनाने का काम जल्द शुरू करा दिया जाएगा। इसके अलावा शहर के चौकी चौराहा, सेटेलाइट तिराहा, जंक्शन, इज्जतनगर रेलवे स्टेशन, प्रेमनगर चौराहा, डेलापीर, बरेली कॉलेज चौराहा, गांधी उद्यान आदि स्थानों पर यूनिपोल लगाकर शिव के शुभ प्रतीक चिह्नों को सुशोभित किया जाएगा।

नाथ कॉरिडोर का प्लान तैयार करने वाले ऑर्किटेक्ट सुमित अग्रवाल ने बताया कि बीडीए जल्द काम शुरू कराएगा। इसके नक्शे में कोई बदलाव नहीं किया गया है। नाथ नगरी की दिव्य झलक महाशिवरात्रि से पहले ही दिखने लगेगी।