यूपी विधानसभा उपचुनाव 2024: अखिलेश यादव के गढ़ में पहुंचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, जीत के लिए बनाएंगे रणनीति
सीएम योगी आदित्यनाथ ने डिप्टी सीएम को सौंपा है जीत का जिम्मा।
सपा का गढ़ मानी जाने वाली करहल विधानसभा सीट पर लंबे समय से भाजपा हारती चली आ रही है। इस बार उप चुनाव में भाजपा इस सीट को जीतकर सपा से लोकसभा चुनाव की करारी हार का बदला लेना चाहती है। यही कारण है कि इस सीट पर विशेष फोकस है। सीएम योगी ने खुद इस सीट की कमान डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक को सौंपी है।
2022 में यहां से सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव खुद विधायक बने थे। उन्होंने केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल को हराया था। ऐसे में सपा भी यहां अपनी बादशाहत कायम रखना चाहती है। आज रविवार को डिप्टी सीएम करहल पहुंचे हैं। वे भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर भाजपा की हार के कारणों को जानेंगे। वे कार्यकर्ताओं के मन में छिपे दर्द की टोह लेने की भी कोशिश करेंगे। इसके बाद ही करहल जीत की रणनीति भाजपा तय करेगी।